ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में वार्ड-84 के कांग्रेसी पार्षद नीरज जस्सल के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए FIR दर्ज की है। नीरज जस्सल पर लाइसेंसी रिवॉल्वर का रौब दिखाकर अपने पुराने चुनावी प्रतिद्वंद्वी पर हमला करने का आरोप है। पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
पार्षद पर हमला करने का आरोप
पीड़ित पुनीश उर्फ हनी विरदी ने पुलिस को बताया कि 7 मार्च की रात पार्षद ने उस पर हमला किया। नीरज जस्सल ने पहले अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकालकर हवा में लहराई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया और विवाद बढ़ गया। कहासुनी के दौरान पार्षद ने गुस्से में आकर रिवॉल्वर की बट से उसके माथे और नाक पर जोरदार वार किया। इस हमले में पुनीश गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
आरोपी पार्षद फरार चल रहा है
जालंधर पुलिस ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद आरोपी पार्षद के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है, लेकिन वह अभी फरार बताया जा रहा है।