उत्तर प्रदेश में आंधी, बारिश और बिजली गिरने से पिछले 48 घंटों में 12 लोगों की मौत हो गई। शनिवार शाम को करीब 10 शहरों में तेज बारिश हुई, जबकि कानपुर, ललितपुर, झांसी और जालौन में ओलावृष्टि दर्ज की गई।
सबसे ज्यादा असर कानपुर में देखने को मिला, जहां धूल भरी आंधी के बाद तेज बारिश हुई। हैलट अस्पताल में पानी भर गया और कई जगह पेड़ व बिजली के पोल गिर गए। एक दर्दनाक हादसे में बरगद का पेड़ चलती ऑटो पर गिर गया, जिससे ड्राइवर और 60 साल की महिला की मौत हो गई।
सीतापुर में बिजली गिरने से घर में आग लग गई, जिसमें मां-बेटी की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक 7 साल की बच्ची झुलस गई। वहीं जालौन में ओलों की चादर बिछ गई, जिससे गेहूं और सरसों की फसल को भारी नुकसान पहुंचा।
मौसम विभाग ने रविवार को 23 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव आया है और 9 अप्रैल तक ऐसे ही हालात बने रहने की संभावना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के नुकसान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और प्रभावित लोगों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा दिया जाए।