ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के नूरमहल में देर रात ग्लैंजा कार में सवार युवक और युवती ने एक्टिवा पर जा रहे दो भाइयों पर कथित तौर पर गोलियां चला दीं। फायरिंग में नवदीप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका भाई हैप्पी भी झड़प में चोटिल हुआ। घायल नवदीप का निजी अस्पताल में ईलाज चल रहा है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार- डीएसपी
अब इस मामले पर सब-डिवीजन नकोदर के डीएसपी ओंकार सिंह बराड़ का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि केस दर्ज कर हरकीरत सिंह और मनजोत कौर को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और कानून के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पहले कार से पीड़ितों को मारी टक्कर
बता दें कि पीड़ित हैप्पी का घटना को लेकर कहना है कि रात करीब 10 बजे वह अपने भाई के साथ एक्टिवा पर नूरमहल की ओर जा रहा था। उप्पल जागीर गांव के पास पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उनकी एक्टिवा को टक्कर मार दी। इसके बाद कार सवार युवक और युवती नीचे उतरे और दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई।
युवती पर फायरिंग के लिए उकसाने का आरोप
आरोप है कि इसी दौरान युवती ने अपने साथी को गोली चलाने के लिए उकसाया, जिसके बाद युवक ने पिस्तौल से फायरिंग कर दी। एक गोली नवदीप की कलाई में लगी, जबकि दूसरी उसके पेट में जा धंसी। घटना के बाद आरोपी मौके से कार लेकर फरार हो गए।