पंजाब में बुधवार से पंजाब रोडवेज और पनबस के कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों ने हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल के कारण राज्य के कई डिपो से बसों का संचालन प्रभावित हुआ है। हालांकि, जो बसें दूसरे राज्यों में गई हुई हैं, वे अपना रूट पूरा करने के बाद हड़ताल में शामिल होंगी।
कर्मचारियों का कहना है कि उनकी मुख्य मांग नया डीसी रेट लागू करना है। उनका आरोप है कि सरकार ने अब तक 15 फीसदी वेतन वृद्धि लागू नहीं की, जिससे हर कर्मचारी को करीब 1,800 रुपये प्रतिमाह का नुकसान हो रहा है।
पनबस के 18 डिपो बंद
पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन के प्रधान रेशमजीत सिंह गिल ने बताया कि नए डीसी रेट के अनुसार वेतन नहीं मिलने के विरोध में पनबस के 18 डिपो बंद कर दिए गए हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि पिछले दो महीनों से उन्हें तय लेबर रेट से भी कम वेतन दिया जा रहा है। इस संबंध में कई बार ज्ञापन भी सौंपे गए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
कर्मचारियों ने मांग की है कि 15 फीसदी वेतन वृद्धि तुरंत लागू की जाए, पिछले दो महीनों का एरियर जारी किया जाए और पनबस मुख्यालय की ओर से जल्द आधिकारिक आदेश जारी किए जाएं। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।