लुधियाना शहर में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब नगर निगम के अधिकारियों को एक धमकी भरा ईमेल मिला। ईमेल में लुधियाना मेयर ऑफिस और पंजाबी गायक Diljit Dosanjh के घर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। यह मेल 25 मई की सुबह नगर निगम कमिश्नर समेत कई सरकारी ईमेल आईडी पर भेजा गया।
सुबह करीब 7:28 बजे भेजे गए ईमेल का विषय “Bomb Blast – Mayor Office Ludhiana!” रखा गया था। मेल में दोपहर 1:11 बजे मेयर कार्यालय पर और रात 9:11 बजे दिलजीत दोसांझ के लुधियाना स्थित घर पर धमाके की चेतावनी दी गई। धमकी देने वालों ने लिखा कि “जो भी दिलजीत दोसांझ की मदद करेगा, उसे मार दिया जाएगा।”ईमेल में 1984 के सिख दंगों का जिक्र करते हुए “खून का बदला खून” जैसी बातें लिखी गईं और 6 जून तक धमाकों की चेतावनी दी गई है।
धमकी के बाद पुलिस और साइबर सेल पूरी तरह अलर्ट पर आ गई है। जांच एजेंसियों ने ईमेल के आईपी एड्रेस और सेंडर की पहचान करने के लिए जांच शुरू कर दी है। वहीं मेयर कार्यालय और अन्य संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।