जालंधर के गांव शाहपुर में आज पुलिस और एक शूटर के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
जवाबी फायरिंग में लब्बू के पैर में गोली
गिरफ्तार आरोपी की पहचान योद सिंह उर्फ लब्बू, निवासी शाहकोट के रूप में हुई है। घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।पुलिस के मुताबिक, गुप्त सूचना मिली थी कि लब्बू शाहपुर इलाके में मौजूद है। सूचना के आधार पर सीआईए स्टाफ की टीम ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने की कोशिश की। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया।
अस्पताल के गेट को निशाना बनाया गया
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लब्बू पिछले कुछ दिनों से वरदान अस्पताल के डॉक्टर को फोन कर कथित तौर पर रंगदारी मांग रहा था।गौरतलब है कि 28 फरवरी को जालंधर के मोता सिंह नगर स्थित वरदान अस्पताल पर भी फायरिंग हुई थी। एक हमलावर ने करीब तीन सेकेंड में चार गोलियां चलाई थीं, जिनमें अस्पताल के गेट को निशाना बनाया गया था। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया था।
इस घटना के बाद पुलिस कमिश्नर ने सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही मानते हुए तत्कालीन एसीपी मॉडल टाउन परमिंदर सिंह और मॉडल टाउन थाना प्रभारी रविंदर कुमार को निलंबित कर दिया था। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि गिरफ्तार शूटर का उस फायरिंग मामले और रंगदारी की घटनाओं से क्या संबंध है।