ख़बरिस्तान नेटवर्क : फिल्म ‘सतलुज’ को लेकर जारी विवाद के बीच मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा हत्याकांड एक बार फिर चर्चा में आ गया है। नाभा ओपन एग्रीकल्चर जेल प्रशासन ने इस मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे पूर्व डीएसपी जशपाल सिंह का पता लगाने के लिए होशियारपुर पुलिस को पत्र भेजा है। होशियारपुर पुलिस ने इसकी पुष्टि की है।
2023 में निजी बॉन्ड पर मिली थी रिहाई
जसवंत सिंह खालड़ा हत्याकांड में उम्रकैद की सजा काट रहे पूर्व डीएसपी जशपाल सिंह को मई 2023 में नाभा ओपन एग्रीकल्चर जेल से एक लाख रुपये के निजी बॉन्ड पर जमानत के आधार पर रिहा किया गया था। अब जेल प्रशासन ने उसकी वर्तमान स्थिति और लोकेशन की जानकारी मांगी है।
समय से पहले रिहाई का प्रस्ताव अब भी पेंडिंग
जानकारी के अनुसार, सितंबर 2022 में पंजाब सरकार ने जशपाल सिंह की समय से पहले सजा माफी का प्रस्ताव राज्यपाल को भेजा था। हालांकि यह प्रस्ताव अभी भी राज्यपाल के पास पेंडिंग है। इसी बीच नाभा ओपन एग्रीकल्चर जेल प्रशासन ने होशियारपुर पुलिस को जल्द से जल्द पूर्व डीएसपी का पता लगाकर रिपोर्ट देने के निर्देश जारी किए हैं।