पंजाब के लुधियाना में अपराधियों के हौसले एक बार फिर सवालों के घेरे में हैं। शहर के सेदा चौक इलाके में आज दिन-दहाड़े बेखौफ लुटेरों ने एक कारोबारी को निशाना बनाया और सरेआम जानलेवा हमला कर फरार हो गए। वारदात सुबह करीब 11 बजे की है, जब बाजार में भारी भीड़ और आवाजाही बनी हुई थी।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित कारोबारी अपनी सफेद एक्टिवा स्कूटी पर दुकान की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से काली एक्टिवा पर सवार दो युवक आए और बीच सड़क पर उसे घेर लिया। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि बदमाशों ने कारोबारी को धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया।
नीचे गिरते ही लुटेरों ने कारोबारी के हाथ से सोने की अंगूठी छीन ली। जब पीड़ित ने विरोध करने की कोशिश की तो बदमाशों ने अपने पास मौजूद बर्फ तोड़ने वाले ‘सुए’ से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए।
इस वारदात की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि घटना के वक्त सड़क से कई लोग गुजरते रहे, लेकिन किसी ने भी आगे बढ़कर पीड़ित की मदद करने या लुटेरों को पकड़ने की कोशिश नहीं की। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
घटना के बाद शहर के व्यापारियों में भारी रोष देखने को मिला। बढ़ती वारदातों और पुलिस की कथित सुस्ती से नाराज व्यापारिक संगठनों और स्थानीय दुकानदारों ने मौके पर ही धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। व्यापारियों का कहना है कि अब हालात ऐसे हो गए हैं कि लोग अपनी दुकानों पर जाने से भी डरने लगे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने सवाल उठाया कि जब भरे बाजार में दिन-दहाड़े कारोबारी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन व्यापारियों ने साफ कर दिया है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।