ख़बरिस्तान नेटवर्क : पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। पिछले 10 दिनों में चौथी बार ईंधन के दाम बढ़ने से आम लोगों की चिंता बढ़ गई है। इस बार पेट्रोल की कीमत में 2.60 रुपए प्रति लीटर और डीजल में 2.70 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है।
लगातार बढ़ रही कीमतों को लेकर राजनीतिक माहौल भी गर्मा गया है। एक तरफ आम आदमी पार्टी भाजपा पर निशाना साध रही है, वहीं कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र का पुतला फूंका।
बावा हैनरी बोले- महंगाई से मिडिल क्लास परेशान
कांग्रेस विधायक बावा हैनरी ने कहा कि ईरान-अमेरिका तनाव के बाद देश में महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 दिनों में चौथी बार पेट्रोल और डीजल महंगा किया गया है, जिससे मिडिल क्लास परिवारों पर भारी असर पड़ा है। लोग पहले ही मुश्किल से घर का खर्च चला रहे हैं और अब तेल कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से महिलाओं की रसोई का बजट भी बिगड़ गया है।
कांग्रेस ने वैट घटाने की मांग उठाई
बावा हैनरी ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय पार्टी ने लोगों को राहत देने के लिए वैट में 5 रुपए की कटौती की थी। उन्होंने पंजाब सरकार से भी वैट कम कर जनता को राहत देने की मांग की। कोरोना काल के बाद रूस से भारत को सस्ते दामों पर क्रूड ऑयल मिल रहा था, लेकिन इसके बावजूद केंद्र सरकार ने लोगों को राहत नहीं दी।
अडानी-अंबानी और महंगाई पर साधा निशाना
कांग्रेस विधायक ने आरोप लगाया कि देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है और इसका फायदा बड़े उद्योगपतियों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि देसी घी, दूध और अन्य जरूरी सामानों की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हो चुकी है। छोटे कारोबारी भी महंगे एलपीजी सिलेंडर के कारण प्रभावित हो रहे हैं। कई छोटे व्यापारियों को 4 हजार रुपए से अधिक कीमत पर सिलेंडर खरीदना पड़ रहा है, जिसके चलते कुछ कारोबार बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं।
EV मॉडल का भी दिया उदाहरण
बावा हैनरी ने चीन का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां 2009 से ही इलेक्ट्रिक व्हीकल्स को बढ़ावा दिया गया, जबकि भारत अभी भी बड़ी मात्रा में क्रूड ऑयल आयात पर निर्भर है। उन्होंने कहा कि देश में महंगाई की मार से आम आदमी लगातार पिस रहा है।