पंजाब और चंडीगढ़ में आज से नौतपा शुरू होते ही तेज गर्मी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। आने वाले 9 दिनों तक भीषण गर्मी और हीटवेव की स्थिति बनी रहने की चेतावनी जारी की गई है। इसी को देखते हुए पंजाब सरकार ने सभी सरकारी दफ्तरों, स्कूलों और सेवा केंद्रों के समय में बदलाव किया है। अब सभी सरकारी संस्थान सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक ही संचालित होंगे। लंच ब्रेक भी अब डेढ़ बजे के बाद निर्धारित किया गया है।
तीन दिनों तक सीवियर हीटवेव” का अलर्ट जारी
सरकारी आदेश सोमवार (25 मई) से लागू हो गए हैं, लेकिन पहले ही दिन कई दफ्तरों में इसका पालन सही ढंग से नहीं हुआ। लुधियाना में डीसी ऑफिस से जुड़े दफ्तरों में करीब 50 प्रतिशत स्टाफ देर से पहुंचा। वही चंडीगढ़ में स्कूल 30 जून तक बंद रखे गए हैं, जबकि समर कैंपों में आउटडोर गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है। मौसम विभाग ने पंजाब में अगले तीन दिनों तक “सीवियर हीटवेव” का अलर्ट जारी किया है।
भीषण गर्मी और लू चलने की संभावना
पिछले 24 घंटे में बठिंडा राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के लगभग सभी जिलों अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, पटियाला, मोहाली में भीषण गर्मी और लू चलने की संभावना जताई गई है।
28 मई के बाद मौसम में बदलाव
मौसम विभाग के अनुसार 28 मई के बाद मौसम में बदलाव संभव है। 29 और 30 मई को कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं (40–50 किमी/घंटा), बिजली गिरने और धूल भरी आंधी की संभावना भी है।