जालंधर के युवा क्रिकेटर कृष भगत आईपीएल 2026 में Mumbai Indians का हिस्सा बनने के बाद मंगलवार को अपने गृह नगर पहुंचे। शहर पहुंचते ही परिवार, रिश्तेदारों, दोस्तों और शुभचिंतकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। घर में जश्न जैसा माहौल देखने को मिला और मिठाइयां बांटकर खुशी साझा की गई।मीडिया से बातचीत करते हुए कृष भगत ने मुंबई इंडियंस का आभार जताते हुए कहा कि टीम ने उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मौका दिया है।
चोटिल खिलाड़ी की जगह मिला मौका
आईपीएल की पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने स्पिन ऑलराउंडर Atharva Ankolekar के चोटिल होकर टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद कृष भगत को टीम में शामिल किया। 21 साल के कृष को उनके 30 लाख रुपये के बेस प्राइस पर स्क्वॉड का हिस्सा बनाया गया।
घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज कृष भगत पंजाब की घरेलू टीम के लिए लगातार शानदार प्रदर्शन करते रहे हैं। उन्होंने अब तक 7 फर्स्ट क्लास और 9 लिस्ट-ए मुकाबले खेले हैं। अपनी सटीक गेंदबाजी और मेहनत के दम पर उन्होंने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा और आईपीएल जैसी बड़ी लीग में जगह बनाई।
बचपन से था क्रिकेट का जुनून
कृष की मां मनु और ताई सुरेश कुमारी ने बताया कि उन्हें बचपन से ही क्रिकेट का शौक था। उन्होंने मात्र 5 साल की उम्र में क्रिकेट अकादमी जॉइन कर ली थी। परिवार के मुताबिक पिछले दो वर्षों में कृष ने अपने खेल पर काफी मेहनत की, जिसका फल अब उन्हें मिला है।
परिवार ने जताई खुशी
कृष भगत की इस उपलब्धि पर उनके दादा और पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री Bhagat Chunni Lal तथा कैबिनेट मंत्री Mohinder Bhagat ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि कृष ने खेल जगत में जालंधर और परिवार का नाम रोशन किया है और भविष्य में उनसे बड़ी उपलब्धियों की उम्मीद है।