पंजाबी संगीत जगत से आज एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मशहूर पंजाबी गायक राजवीर जवंदा अब हमारे बीच नहीं रहे। जानकारी के अनुसार, उन्होंने आज सुबह मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में अंतिम सांस ली।राजवीर जवंदा का पिछले कई दिनों से फोर्टिस अस्पताल में इलाज चल रहा था। वह पिछले 11 दिनों से वेंटिलेटर पर थे। पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और पंजाबी एक्टर गुरप्रीत घुग्गी ने उनके निधन को लेकर सोशल मीडिया पर जानकारी शेयर की है।

27 सितंबर से चल रहा था इलाज
पंजाब भर में उनके प्रशंसक, दोस्त और परिवार के सदस्य भी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे थे। लेकिन आज उनकी मौत हो गई। 27 सितंबर को राजवीर जवंदा अपनी बाइक से शिमला जा रहे थे, लेकिन रास्ते में पिंजौर के पास उनका सड़क हादसा हो गया।
प्रशंसक सोशल मीडिया पर अपना दुख व्यक्त कर रहे
राजवीर जवंदा ने अपनी आवाज से पंजाबी संगीत जगत को एक नया रंग दिया था।’गबरू’, ‘सूरमे’ जैसे गानों से उन्होंने न केवल पंजाब में,बल्कि विदेशों में भी अपनी पहचान बनाई। उन्होंने अपनी सादगी और हंसमुख स्वभाव से लाखों प्रशंसकों का दिल जीत लिया। उनके प्रशंसक सोशल मीडिया पर अपना दुख व्यक्त कर रहे हैं। लोग उनके पुराने गाने शेयर कर रहे हैं और कह रहे हैं, “आप चले गए, लेकिन आपकी आवाज़ हमेशा हमारे दिलों में गूंजती रहेगी।
