ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के मॉडल टाउन इलाके में स्थित लक्षता-लिप्सी शोरूम में उस समय हंगामा हो गया जब एक महिला और उसके ससुराल पक्ष के बीच विवाद हाथापाई तक पहुंच गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तीन महिलाओं के बीच कहासुनी के बाद झगड़ा होता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि संबंधित परिवार देओल नगर क्षेत्र का रहने वाला है।
पीड़िता ने लगाए गंभीर आरोप
पिंकी नाम की महिला का आरोप है कि उसकी सास और देवरानी शोरूम में उससे मारपीट करने पहुंचीं। उसने दावा किया कि उसके पति का निधन हो चुका है और वह नौकरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रही है। महिला ने घटना की रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की है।
सीसीटीवी फुटेज में दिखा झगड़ा
फुटेज के अनुसार पहले तीनों महिलाएं आपस में बातचीत कर रही थीं। इसी दौरान सफेद कपड़े पहने एक महिला ने दूसरी की गर्दन पकड़ ली, जिसके बाद दोनों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। शोरूम स्टाफ भी मौके पर मौजूद था। तीसरी महिला बीच-बचाव करती नजर आई और कुछ देर बाद तीनों बहस करते हुए बाहर निकल गईं।
सड़क तक पहुंचा विवाद
दूसरे कैमरे की रिकॉर्डिंग में विवाद शोरूम से बाहर सड़क तक पहुंचता दिख रहा है। वहां मौजूद सिक्योरिटी गार्ड तीनों को शांत रहने और वहां से हटने के लिए कहता दिखाई देता है। फिलहाल शिकायत पंजाब पुलिस के थाना डिवीजन नंबर 6 में दी गई है, जबकि दूसरे पक्ष का बयान अभी सामने नहीं आया है।