ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के पॉश इलाके जीटीबी नगर में एक गैस एजेंसी में चोरी की घटना सामने आई है। जहां चोर गैस एजेंसी के ऑफिस से कैश और एक आईफोन लेकर फरार हो गया। पर चोर की यह करतूत वहां पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। जिसमें चोर पैसे चुराते हुए दिख रहा है।
सुबह-सुबह पता चला घटना का
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब गैस एजेंसी के मैनेजर विक्की सुबह साढ़े 8 बजे ऑफिस पहुंचे। उन्होंने देखा कि ऑफिस के लॉक टूटे हुए हैं। जिसके बाद उन्होंने इस बारे में मालिक को जानकारी दी। जानकारी देने के साथ ही पुलिस को इस बारे में सूचित किया गया।
देर रात सवा 3 बजे हुई चोरी
सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक चोरी की यह घटना देर रात करीब सवा 3 बजे हुई है। चोर एक्टिवा पर सवार होकर आया था और एक्टिवा चोर ने दूर खड़ी कर दी। जिसके बाद वह पैदल एजेंसी में आया और दफ्तर से 50 हजार की नगदी और आईफोन लेकर चोर फरार हो गया।
चोर पिछले रास्ते से आया था और घटना को अंजाम देकर फरार हो गया। वहीं पुलिस का कहना है कि पीड़ित की शिकायत पर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है।