पंजाब में आज 8 नगर निगमों, 75 नगर कौंसिलों और 20 नगर पंचायतों के चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। बठिंडा, अबोहर, बटाला, बरनाला, कपूरथला, मोगा, पठानकोट और मोहाली नगर निगमों में सुबह 8 बजे से वोटिंग जारी है, जो शाम 5 बजे तक चलेगी। इस बार चुनाव में EVM की बजाय बैलेट पेपर का इस्तेमाल किया जा रहा है।
राज्य चुनाव आयोग के अनुसार कुल 7,555 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि करीब 36.73 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 35 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पूरे राज्य में आज सरकारी अवकाश घोषित किया गया है और शराब बिक्री पर भी रोक लगाई गई है।
बूथों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
चुनाव आयोग ने मतदान केंद्रों के अंदर 9 चीजों को ले जाने पर प्रतिबंध लगाया है। इनमें मोबाइल फोन (स्विच ऑफ मोबाइल भी), पानी की बोतल, स्याही, चाकू, पेचकस, हथियार, कैमरा, माचिस और लाइटर शामिल हैं। आयोग ने मतदाताओं से मोबाइल घर पर छोड़कर आने की अपील की है।
राज्यभर में कुल 3,977 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इनमें 740 बूथ संवेदनशील और 274 बूथ अति संवेदनशील घोषित किए गए हैं। हर बूथ पर 5 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
हर बूथ पर CCTV निगरानी
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश पर सभी पोलिंग बूथों के अंदर और बाहर CCTV कैमरे लगाए गए हैं। आयोग के मुताबिक मतदान प्रक्रिया की रिकॉर्डिंग कम से कम एक साल तक सुरक्षित रखी जाएगी। मतदान खत्म होने के बाद DVR को स्ट्रॉन्ग रूम में रखा जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित डिप्टी कमिश्नर की होगी।
AAP के सबसे ज्यादा उम्मीदवार
राज्य चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक आम आदमी पार्टी (AAP) के सबसे अधिक 1801 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस के 1550, भाजपा के 1316, शिरोमणि अकाली दल के 1251, बसपा के 96, जबकि 1528 निर्दलीय उम्मीदवार मैदान में हैं।
कई जगहों पर लंबी कतारें
अबोहर और जगराओं समेत कई इलाकों में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग लाइनें बनाई गई हैं और शांतिपूर्ण तरीके से मतदान जारी है।