ख़बरिस्तान नेटवर्क : पश्चिम बंगाल में सरकार आते ही भाजपा मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बड़ा बयान दे दिया है। उन्होंने बांग्लादेशियों को पश्चिम बंगाल छोड़कर अपने देश जाने के लिए कह दिया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि किसी को भी अवैध तरीके से यहां पर रहने नहीं दिया जाएगा।
जल्दी-जल्दी भागो यहां से, जेल की रोटी नहीं खिलाएंगे
भाजपा सीएम शुभेंदु ने कहा कि राज्य में अवैध तरीके से रह रहे बांग्लादेशियों की पहचान कर उन्हें पुलिस को सौंपा जाए, जिसके बाद BSF उनकी वापसी में मदद करेगा। जल्दी-जल्दी भागो यहां से, वरना एक्शन लेंगे। हम घुसपैठियों को जेल भेजकर रोटी नहीं खिलाएंगे। वह दामाद नहीं है। उन्हें भगाया जाएगा। उनके (बांग्लादेश के) ऑफिशियल्स भी कह चुके हैं कि जो हमारे लोग होंगे, उन्हें ले लेंगे।
चेक पोस्ट पर इकट्ठा हो रहे हैं प्रवासी
वहीं पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना में मंगलवार सुबह से ही 100 से ज्यादा विदेशी नागरिक हाकिमपुर चेक पोस्ट पर इकट्ठा हुए हैं। दावा है कि यह लोग पश्चिम बंगाल के अलग-अलग हिस्सों में अवैध तरीके से रह रहे थे और अब बांग्लादेश लौटने के लिए बॉर्डर पर पहुंच रहे हैं।