कनाडा के हैलिफैक्स (Halifax) इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां जन्म के तुरंत बाद एक नवजात शिशु की मौत हो गई और उसका शव जंगल में बरामद हुआ। इस मामले में पुलिस ने पंजाबी मूल के एक दंपती को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 9:40 बजे 23 साल की महिला को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। जांच के दौरान डॉक्टरों को पता चला कि महिला ने हाल ही में बच्चे को जन्म दिया है, लेकिन नवजात उसके साथ नहीं था। इस पर अस्पताल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने महिला और उसके पति से पूछताछ शुरू की, लेकिन महिला उस समय अपने बच्चे के बारे में कोई जानकारी नहीं दे सकी। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और वह अभी भी अस्पताल में भर्ती है।इसके बाद पुलिस और वॉलंटियर टीमों ने सर्च ऑपरेशन चलाया। रविवार दोपहर करीब 3:20 बजे हैलिफैक्स के बाहर ओल्ड कोच रोड के जंगल से एक नवजात शिशु का शव बरामद हुआ।
पुलिस ने मामले में महिला रमनदीप कौर (26) और उसके पति सुखप्रीत सिंह (23) को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पर बच्चे के शव को छिपाने, पुलिस को गुमराह करने और शव के अनादर जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि महिला की हालत प्रसव के दौरान हुई मेडिकल इमरजेंसी के कारण गंभीर हुई है, किसी हिंसा के संकेत फिलहाल नहीं मिले हैं। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बच्चा जन्म के समय जीवित था या मृत।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जो मौत के सही कारणों का खुलासा करेगी। पुलिस फिलहाल महिला के स्वास्थ्य में सुधार का इंतजार कर रही है ताकि उसका बयान दर्ज किया जा सके।