चंडीगढ़ में एयरपोर्ट रोड पर एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां चलती हुई BMW कार में अचानक आग लग गई। यह घटना न्यू चंडीगढ़ से एयरपोर्ट रोड की ओर टीडीआई के पास दोपहर करीब 2:45 बजे हुई।लोगों के मुताबिक, कार सामान्य रूप से चल रही थी कि अचानक उसमें से चिंगारी निकली और देखते ही देखते कार से धुआं उठने लगा। कुछ ही पलों में पूरी कार आग की चपेट में आ गई और उसमें से बम जैसे धमाकों की आवाजें आने लगीं।
कार चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी से बाहर कूदकर अपनी जान बचा ली। हालांकि, कुछ ही मिनटों में कार पूरी तरह आग का गोला बन गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। इस घटना के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर ट्रैफिक भी बाधित रहा।
पुलिस के अनुसार, कार की नंबर प्लेट भी जल गई है, जिससे वाहन की पहचान करना मुश्किल हो गया है। अब इंजन नंबर के जरिए मालिक की पहचान की जाएगी।फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीमें मामले की जांच में जुटी हुई हैं।