जालंधर में नगर निगम दफ्तर के बाहर यूनियन कर्मियों द्वारा जोरदार प्रदर्शन किया जा रहा है। यूनियन प्रधान बंटू सभ्रवाल के नेतृत्व में सैकड़ों कर्मचारी सरकार और नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं।प्रदर्शन के चलते नगर निगम का कामकाज पूरी तरह प्रभावित हो गया है और कई सेवाएं ठप पड़ी हुई हैं।
7 दिन से जारी हड़ताल
यूनियन प्रधान बंटू सभ्रवाल ने बताया कि उनकी हड़ताल आज 7वें दिन में प्रवेश कर चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार और नगर निगम लगातार कर्मचारियों की मांगों को नजरअंदाज कर रहे हैं।
कर्मचारियों की मुख्य मांग 1196 पदों पर भर्ती की है। उनका कहना है कि पिछले साढ़े चार साल से सरकार केवल आश्वासन दे रही है, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकला।
सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
बंटू सभ्रवाल ने कहा कि लगातार बैठकों के बावजूद कोई हल नहीं निकल रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा, जिससे शहर में हालात और बिगड़ सकते हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार ने पहले महिलाओं के खातों में 1000 रुपए देने का वादा किया था, जो अब तक पूरा नहीं हुआ।
मांगें पूरी होने तक धरना जारी
यूनियन ने स्पष्ट किया है कि जब तक 1196 पदों पर भर्ती नहीं होती, तब तक धरना और प्रदर्शन जारी रहेगा। कर्मचारियों ने मांग की है कि यह भर्तियां वाल्मीकि समाज से संबंधित पदों के अनुसार की जाएं।