ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब कांग्रेस में जारी अंदरूनी कलह के बीच आज पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी गुट की पार्टी के पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल के साथ अहम बैठक होने जा रही है। बैठक कांग्रेस नेता राणा गुरजीत सिंह के आवास पर आयोजित की जाएगी। इसे पंजाब कांग्रेस के भीतर चल रहे विवाद को सुलझाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बैठक से पहले चन्नी ने दिया बड़ा बयान
बैठक से पहले मीडिया से बातचीत करते हुए चरणजीत सिंह चन्नी ने पार्टी के भीतर चल रहे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, हमारा स्टैंड बिल्कुल साफ है। पहले तेल देखेंगे, फिर तेल की धार देखेंगे। उसके बाद ही कोई फैसला लिया जाएगा। पहले बैठक का नतीजा देखा जाएगा और उसी के आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी। उनके इस बयान के बाद पंजाब कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
बैठक में शामिल नहीं होंगे राजा वड़िंग
इस अहम बैठक में पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग शामिल नहीं होंगे। चन्नी गुट और पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल के बीच होने वाली इस बैठक पर अब सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। पंजाब कांग्रेस में जारी खींचतान के बीच इस बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है।