ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर शहर में बाबा का भेष बनाकर आए तीन लोगों ने एक महिला को झांसे में लेकर उसके गहने लूट लिए। घटना गुलाब देवी अस्पताल रोड स्थित रोज पार्क गुरुद्वारा साहिब के पास हुई। वारदात के समय महिला सड़क किनारे सब्जी खरीद रही थी। पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।
लाल रंग की ऑल्टो कार में आए थे तीन आरोपी
दो महिलाएं सड़क किनारे सब्जी खरीद रही थीं। इसी दौरान लाल रंग की ऑल्टो कार वहां आकर रुकी। कार में लंबी दाढ़ी वाले तीन लोग सवार थे, जिन्होंने खुद को बाबा बताया। आरोपियों ने पता पूछने के बहाने महिलाओं से बातचीत शुरू कर दी। बातचीत के दौरान कथित बाबाओं ने महिलाओं के सोने के गहनों की तारीफ करनी शुरू कर दी।
महिला को बातों में फंसाकर गहना ले गए
आरोप है कि उन्होंने महिला को बातों में उलझाकर उसके गहने अपने हाथ में ले लिए। महिला को शक हुआ तो उसने अपने गहने वापस लेने की कोशिश की, लेकिन आरोपी कार लेकर भागने लगे। अपने गहने बचाने के लिए महिला कार से लटक गई। इसके बावजूद आरोपियों ने कार नहीं रोकी और तेज रफ्तार से दौड़ा दी।
महिला को 100 मीटर तक घसीटते ले गए
महिला करीब 100 मीटर तक कार के साथ घिसटती चली गई और फिर सड़क पर मुंह के बल गिर गई। घटना में उसके चेहरे पर चोटें आई हैं। आरोपी महिला के कानों से टॉप्स लूटकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-1 की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।