पंजाब के जालंधर के बस्ती बावा खेल इलाके में चोरी की एक बेहद अजीब और चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। तारा सिंह एवेन्यू स्थित एक बंद कोठी को निशाना बनाते हुए चोर न सिर्फ घर का सामान ले गए, बल्कि दो दिन तक उसी घर में आराम से रहे और वहां खाना भी बनाया।
जानकारी के मुताबिक, चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए, जिसका वीडियो सीसीटीवी में कैद हुआ है। घर के मालिक उस समय चंडीगढ़ के पास खरड़ में रह रहे थे और करीब डेढ़ महीने से घर बंद पड़ा था। 4 अप्रैल को पड़ोसी के फोन पर जब परिवार वापस लौटा, तो घर का हाल देखकर उनके होश उड़ गए।
चोरों ने घर के ताले तोड़कर करीब 10 हजार रुपये नकद, दो गैस सिलेंडर, बिजली के तार, और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। हैरानी की बात यह रही कि चोर घर में दो दिन तक रुके, चिकन पकाया, चाय बनाई और यहां तक कि इस्तेमाल किए बर्तन भी धोकर रख गए। हालांकि, चिकन के पैकेट और सिंक में पड़ी चायपत्ती से उनकी मौजूदगी का खुलासा हुआ।
वारदात के दौरान चोर हथौड़े और पेंचकस जैसे औजार भी साथ लाए थे, जिन्हें बाद में घर में ही छोड़ गए। उन्होंने घर के बिजली सिस्टम को भी काफी नुकसान पहुंचाया।पड़ोसियों का कहना है कि चोर आसपास के अन्य घरों में भी घुसे थे और एक संदिग्ध को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया है। उससे पूछताछ जारी है कि इस वारदात में और कौन-कौन शामिल था।
वहीं, पीड़ित परिवार ने थाना बस्ती बावा खेल पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस ने उन्हें यह कहकर टाल दिया कि चोरी हुआ कैश और मोटर मिल सकती है, लेकिन तोड़फोड़ और अन्य नुकसान का खर्च उन्हें खुद उठाना पड़ेगा।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, क्योंकि चोरों की बेखौफ हरकतों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।