पंजाब के कपूरथला जिले में शुक्रवार शाम एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दो बाइकों पर आए बदमाशों ने महिला के घर में घुसकर करीब चार राउंड फायरिंग की और फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, इलाके को घेर लिया गया और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए।
मृतका की पहचान 48 साल की हेमप्रीत कौर के रूप में हुई है, जो सीनपुरा (कपूरथला) की रहने वाली थीं। बताया गया कि उनका तलाक हो चुका था और वह करीब एक महीने पहले ही कनाडा से भारत लौटी थीं। उनका पति और बेटा विदेश में रहते हैं। घटना शाम करीब 4 बजे की है, जब महिला घर में अकेली थीं।
DSP शीतल सिंह ने बताया कि बाइक पर सवार दो आरोपी आए थे। एक आरोपी घर के अंदर घुसा और महिला पर गोलियां चला दीं। इस दौरान मोहल्ले के एक व्यक्ति ने गेट बंद कर आरोपी को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने हवाई फायरिंग की और अपने साथी के साथ बाइक पर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। फायरिंग के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। पड़ोसियों के मुताबिक, हेमप्रीत कौर ने कुछ दिन पहले ही पार्लर का काम शुरू किया था और उनका एक बेटा है।