फरीदाबाद जिले में सचखंड एक्सप्रेस ट्रेन में यात्रा कर रही एक महिला की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। महिला अपने परिजनों और संगत के साथ अंबाला से नांदेड़ साहिब जा रही थी। गंभीर हालत में उसे फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतारकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
मृतका पंजाब की रहने वाली थी
मृतका की पहचान निर्मल कौर (62) के रूप में हुई है, जो गांव मंडोली, जिला पटियाला (पंजाब) की रहने वाली थीं। अमृतसर से नांदेड़ साहिब जाने वाली 12716 सचखंड एक्सप्रेस के बी-1 कोच में वह अपनी मंडली के साथ सफर कर रही थीं।
शनिवार दोपहर करीब दो बजे, जब ट्रेन तुगलकाबाद स्टेशन के पास से गुजर रही थी, उसी दौरान खाने के समय अचानक निर्मल कौर की तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत होकर सीट पर गिर पड़ीं।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे स्टाफ को सूचित किया गया। कंट्रोल रूम के निर्देश पर ट्रेन को फरीदाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर रोका गया। ट्रेन के रुकते ही रेलवे कर्मचारी, आरपीएफ और जीआरपी मौके पर पहुंची।
एम्बुलेंस की मदद से बुजुर्ग महिला को जिला नागरिक अस्पताल फरीदाबाद ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला के साथ यात्रा कर रही दो अन्य महिला यात्रियों को भी ट्रेन से उतारकर परिजनों को सूचना दी गई, जबकि बाकी संगत के सदस्य नांदेड़ साहिब के लिए रवाना हो गए।