जालंधर के लोहेयां मलसियां मार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दुबई से लौटकर घर शाहकोट जा रहे युवक की इस हादसे में मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो दोस्त घायल हो गए। घायलों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे इलाज के लिए जालंधर रेफर किया गया है।
मृतक की पहचान दीपक शर्मा (पुत्र जगजीत राय), निवासी कोटला सूरज मल, शाहकोट के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दीपक आज ही दुबई से भारत लौटा था और अपने दोस्तों के साथ कार में सवार होकर घर जा रहा था।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई
रास्ते में गांव मिहिलवाल स्थित सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के सामने तेज रफ्तार कार पहले सामने से आ रही एक स्विफ्ट कार से टकराई और इसके बाद अनियंत्रित होकर एक ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में दीपक शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त वंश अरोड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया। तीसरे दोस्त साहिल अरोड़ा को मामूली चोटें आई हैं।
परिजनों ने बताया कि अमृतसर एयरपोर्ट पर उतरने के बाद दीपक ने पहले अकेले बस से गांव जाने की बात कही थी, लेकिन बाद में उसने शाहकोट में रहने वाले अपने दोस्तों वंश और साहिल को भारत पहुंचने की सूचना दी। दोनों दोस्त आई-20 कार लेकर उसे लेने अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचे थे। दीपक दुबई में ड्राइवरी का काम करता था और लौटते समय वही कार चला रहा था।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने कार में फंसे युवकों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दीपक दम तोड़ चुका था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नकोदर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
घटना के बाद से परिवार में शोक का माहौल
थाना लोहेयां के एसएचओ हरविंदर सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। दीपक शर्मा अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। घटना के बाद से परिवार में शोक का माहौल है।