वृंदावन से श्रद्धालुओं के लिए अहम सूचना सामने आई है। संत Premanand Maharaj के स्वास्थ्य कारणों के चलते आज मंगलवार को निर्धारित नित्य दिनचर्या के अंतर्गत होने वाले एकांतिक वार्तालाप और एकांतिक दर्शन कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि यह स्थगन होली तक भी जारी रह सकता है।
वृंदावन स्थित श्री राधा केलीकुंज परिवार की ओर से जारी आधिकारिक सूचना में बताया गया है कि संत प्रेमानंद महाराज का स्वास्थ्य फिलहाल अनुकूल नहीं है। चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार उन्हें विश्राम की आवश्यकता है, इसी को ध्यान में रखते हुए मंगलवार के सभी निर्धारित निजी कार्यक्रम रद्द करने का निर्णय लिया गया है।
श्री राधा केलीकुंज परिवार ने श्रद्धालुओं से सहयोग और संयम बनाए रखने की अपील की है। प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि यदि चिकित्सकीय जांच में स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं होता है, तो एकांतिक दर्शन और वार्तालाप कार्यक्रम होली तक लगातार स्थगित रह सकते हैं।
आश्रम प्रशासन ने यह भी कहा है कि संत प्रेमानंद महाराज की सेहत से जुड़ी आगे की स्थिति के अनुसार श्रद्धालुओं को नियमित रूप से अपडेट दिया जाता रहेगा। फिलहाल आज के सभी निर्धारित दर्शन और वार्तालाप कार्यक्रम निरस्त रहेंगे।