हरियाणा के कई जिलों में सोमवार सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। गुरुग्राम और रेवाड़ी में लोगों ने घरों में पंखे और सामान हिलते हुए देखे, जिसके बाद कई लोग एहतियात के तौर पर घरों से बाहर निकल आए।
नेशनल सेंटर ऑफ सिसमोलॉजी (NCS) के अनुसार भूकंप का केंद्र हरियाणा के रेवाड़ी में था। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 2.8 दर्ज की गई। भूकंप जमीन के अंदर करीब 5 किलोमीटर की गहराई में आया और इसके झटके सुबह 7 बजकर 1 मिनट पर महसूस किए गए।हालांकि, भूकंप की तीव्रता कम होने के कारण कहीं से भी किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
क्यों आता है भूकंप?
विशेषज्ञों के अनुसार धरती की सतह सात बड़ी और कई छोटी टेक्टोनिक प्लेट्स से बनी है। ये प्लेट्स लगातार खिसकती रहती हैं और कई बार आपस में टकरा जाती हैं। जब इन प्लेट्स पर दबाव ज्यादा बढ़ जाता है तो वे टूटने या खिसकने लगती हैं, जिससे जमीन के अंदर जमा ऊर्जा अचानक बाहर निकलती है और भूकंप के झटके महसूस होते हैं।