ख़बरिस्तान नेटवर्क : वृंदावन में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जहां यमुना नदी में 30 पर्यटकों से भरा स्टीमर पलट गया। इस हादसे में 10 लोगों की डूबने से मौत हो गई, जिनमें 6 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल हैं। सभी पर्यटक पंजाब से घूमने आए थे। यह हादसा दोपहर करीब 3 बजे केसी घाट पर हुआ, जो बांके बिहारी मंदिर से करीब ढाई किलोमीटर दूर है।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, सेना और NDRF की मदद
हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया गया है। प्रशासन ने सेना की मदद मांगी है, जबकि करीब 50 स्थानीय गोताखोर सर्च ऑपरेशन में जुटे हुए हैं। NDRF की टीम भी गाज़ियाबाद से मौके के लिए रवाना हो चुकी है। घायलों को रामकृष्णा मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार घायलों की निगरानी कर रही है।
तेज हवा के कारण पलटा स्टीमर
पर्यटक मनोहर लाल ने बताया कि वे सभी लुधियाना के जगराओं से आए थे। उस समय तेज हवा चल रही थी, जिससे यमुना नदी के बीच स्टीमर अचानक डगमगाने लगा और उसकी गति भी बढ़ गई। इसी दौरान स्टीमर पीपा पुल से टकराकर पलट गया।