जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल Manoj Sinha ने अमरनाथ यात्रा 2025 की तारीखों का ऐलान कर दिया है। इस साल यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त तक चलेगी, जो कुल 57 दिनों की होगी। यात्रा का पहला जत्था जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से रवाना होगा। श्रद्धालुओं के लिए रजिस्ट्रेशन 15 अप्रैल से शुरू होंगे। 13 से 70 साल की उम्र के लोग इस यात्रा में शामिल हो सकते हैं।
अमरनाथ गुफा में पहली पूजा 19 जून को ज्येष्ठ पूर्णिमा के दिन की जाएगी। यात्रा के लिए दो प्रमुख रूट अनंतनाग का पारंपरिक पहलगाम रूट (48 किमी) और गांदरबल का बालटाल रूट (14 किमी) खुले रहेंगे।
रजिस्ट्रेशन देशभर की करीब 556 बैंक शाखाओं में ऑफलाइन और श्राइन बोर्ड की वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन किया जा सकेगा। यस बैंक, ICICI बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और एक्सिस बैंक की ब्रांच में फॉर्म उपलब्ध होंगे।
इस बार यात्रा में कई नई सुविधाएं जोड़ी गई हैं। सुरक्षा के लिए RFID कार्ड लागू किया गया है। श्रद्धालुओं के लिए बीमा कवर ₹5 लाख से बढ़ाकर ₹10 लाख कर दिया गया है। श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान मेडिकल सर्टिफिकेट, आधार कार्ड, फोटो और जरूरी सामान साथ रखने की सलाह दी गई है। साथ ही, यात्रा से पहले शारीरिक फिटनेस पर ध्यान देने की भी अपील की गई है।