जालंधर महानगर में देर रात गोलियां चलने की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार सूची पिंड इलाके में जिम से लौट रहे एक युवक पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान अनमोल के रूप में हुई है, जिसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
घायल अनमोल की मां बलजीत कौर ने बताया कि कुछ युवक काफी समय से उनके बेटे की रेकी कर रहे थे। इसी कारण अनमोल ने जिम जाने का समय शाम 6 बजे से बदलकर रात 9 बजे कर लिया था। उन्होंने बताया कि अनमोल बारहवीं पास है और देर रात जिम से घर लौट रहा था, तभी आरोपियों ने उसकी गाड़ी का पीछा कर उसे घेर लिया और गोलियां चला दीं।
मां ने आरोप लगाया कि सूची पिंड में कुछ समय पहले हुए मनदीप हत्याकांड के मामले में बल्ली नामक युवक ने उनके बेटे पर झूठा केस दर्ज करवाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि बल्ली, बब्बू, मुकेश और गोली समेत अन्य अज्ञात युवकों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही ज्वाइंट कमिश्नर संदीप शर्मा और डीसीपी मनप्रीत ढिल्लों मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पीड़ित परिवार के बयान दर्ज कर लिए हैं। ज्वाइंट कमिश्नर संदीप शर्मा ने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।