पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पंजाब पुलिस और मुंबई पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन के दौरान हत्या, फिरौती और कई संगीन मामलों में वांछित दो कुख्यात गैंगस्टरों जसवंत सिंह उर्फ जस्सा और करन कीड़ा को मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार दोनों आरोपी देश छोड़कर विदेश भागने की तैयारी में थे, लेकिन पंजाब पुलिस की खुफिया शाखा से मिले इनपुट के बाद मुंबई पुलिस, CISF और इमिग्रेशन अधिकारियों ने एयरपोर्ट पर जाल बिछाकर उन्हें दबोच लिया।
बंबीहा गैंग से जुड़ा है जस्सा
गिरफ्तार आरोपी जसवंत सिंह उर्फ जस्सा का संबंध पंजाब के कुख्यात बंबीहा गैंग से बताया जा रहा है। उसके खिलाफ हत्या की कोशिश, फिरौती और हथियार तस्करी समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।
हाई-प्रोफाइल मर्डर केस में नामजद है करन कीड़ा
दूसरा आरोपी करन कीड़ा एक अकाली पार्षद हत्याकांड का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। वारदात के बाद से वह फरार चल रहा था और पुलिस से बचने के लिए पंजाब छोड़ चुका था। जांच एजेंसियों को शक है कि वह फर्जी दस्तावेजों के जरिए विदेश भागने की योजना बना रहा था।
पंजाब लाई जाएगी दोनों आरोपियों की कस्टडी
गिरफ्तारी के बाद मुंबई पुलिस ने पंजाब पुलिस से संपर्क किया है। पंजाब पुलिस की स्पेशल टीम आरोपियों को लेने मुंबई रवाना होगी। स्थानीय अदालत से ट्रांजिट रिमांड लेने के बाद दोनों को कड़ी सुरक्षा में पंजाब लाया जाएगा, जहां उनसे गहन पूछताछ की जाएगी। पुलिस को पूछताछ में गैंग नेटवर्क और कई बड़े अपराधों से जुड़े अहम खुलासों की उम्मीद है।