थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में रविवार देर रात एक बार में भीषण आग लगने से 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 63 लोग घायल हो गए। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह बिजली सिस्टम में खराबी मानी जा रही है, हालांकि अधिकारियों ने कहा है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।
फायर ब्रिगेड के मुताबिक रात करीब 12 बजे आग लगने की सूचना मिली। दमकल कर्मियों ने लगभग 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक बार का बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो चुका था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिजली गुल होने से कुछ पल पहले मंच के पास लगे सर्किट ब्रेकर से धुआं निकलता दिखाई दिया। इसके तुरंत बाद जोरदार धमाका हुआ और कुछ ही सेकंड में पूरा बार धुएं से भर गया। अफरा-तफरी के बीच कई लोग जान बचाने के लिए इमारत के पिछले हिस्से में बने टॉयलेट में छिप गए, जहां दम घुटने से उनकी मौत हो गई।
यह हादसा बैंकॉक के चातुचक जिले में स्थित लोकप्रिय बार रोंग बीयर ना लाट फ्राओ में हुआ। आग बुझने के बाद घटनास्थल से कई बॉडी बैग बरामद किए गए, जबकि अंदर का फर्नीचर, दीवारें और छत पूरी तरह जल चुकी थीं। पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी है।
थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नवीराकुल और बैंकॉक के गवर्नर चाचार्ट सित्तिपुंत ने घटनास्थल का दौरा किया। गवर्नर ने कहा कि बार के अंदर लगी ज्वलनशील सजावटी सामग्री के कारण आग तेजी से फैल गई, हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही होगा।
यह हाल के वर्षों में थाईलैंड के सबसे बड़े पब अग्निकांडों में से एक माना जा रहा है। इससे पहले 2022 में एक म्यूजिक पब में आग लगने से 14 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 2009 में बैंकॉक के सैंटिका नाइटक्लब में आतिशबाजी के दौरान लगी आग में 66 लोगों की जान चली गई थी और 200 से अधिक लोग घायल हुए थे।