राजस्थान के बालोतरा जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो बाड़मेर-जोधपुर नेशनल हाईवे पर आगे चल रहे डंपर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई लोग वाहन के अंदर ही फंस गए।
हादसा पचपदरा थाना क्षेत्र के भाडिंयावास गांव के पास रात करीब 11:30 बजे हुआ। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और सभी घायलों को राजकीय नाहटा अस्पताल, बालोतरा पहुंचाया गया।
5 की मौत
अस्पताल में डॉक्टरों ने रेवांताराम (26), स्वरूपाराम (27) और भरत (25) को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल किशन, भावेश, बाबू, मुकेश और हेमाराम को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान किशन (27) और भावेश ने भी दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 5 हो गई।
जांच में जुटी पुलिस
मृतकों की पहचान रेवांताराम, स्वरूपाराम, भरत, किशन और भावेश के रूप में हुई है। सभी मृतक बालोतरा जिले के कानोड गांव के निवासी थे और जोधपुर में भोमियाजी के दर्शन कर अपने गांव लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को दुर्घटना का प्रमुख कारण माना जा रहा है।