हिमाचल प्रदेश से आज सुबह एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मंडी जिले के सराज क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह हादसा सुबह करीब 4 बजे बुनालीधार के पास हुआ। चार दोस्त बिना किसी को बताए अपनी कार (नंबर HP65 5148) में घर से निकले थे। घर से लगभग 24 किलोमीटर दूर कार अचानक बेकाबू होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। चौथा युवक गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है।
गाड़ी के खाई में गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि दो युवक गाड़ी के बाहर और दो अंदर फंसे हुए थे। सभी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। हादसा इतना भयानक था कि शुरुआत में मृतकों की पहचान करना मुश्किल हो गया। बताया जा रहा है कि सभी युवक ITI के छात्र थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।