पंजाब और चंडीगढ़ में भीषण गर्मी के बीच अब मौसम ने करवट ले ली है। मोहाली और जालंधर में गुरुवार सुबह बूंदाबांदी हुई, जबकि अगले 3 दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में ओलावृष्टि और भारी बारिश का भी अलर्ट जारी किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक 29 और 30 मई को पंजाब और चंडीगढ़ के 51% से 75% हिस्सों में बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है, जबकि झोंकों में स्पीड 80 KMPH तक पहुंचने की संभावना है।
बीते 24 घंटों में तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज हुई है और यह सामान्य से 4.1 डिग्री अधिक बना हुआ है। फरीदकोट में सबसे अधिक 46 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री रहा।
नौतपा में बढ़ा हीटवेव का खतरा
तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लू का खतरा लगातार बना हुआ है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर 12 से 3 बजे तक घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। बुजुर्गों, बच्चों और गर्भवती महिलाओं को विशेष सतर्क रहने को कहा गया है। सेहत मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने चाय, कॉफी, शराब और ज्यादा शुगर वाले ड्रिंक्स से बचने की अपील की है।
बिजली की डिमांड भी रिकॉर्ड स्तर पर
भीषण गर्मी के चलते पंजाब में बिजली की मांग 12,178 मेगावाट तक पहुंच गई। राज्य ने सेंट्रल ग्रिड से 6,586 मेगावाट बिजली ली, जबकि पंजाब में कुल उत्पादन 5,565 मेगावाट रहा।
आज से एक्टिव होगा नया पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में आज से नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है, जिसकी वजह से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। वहीं दक्षिण-पश्चिम मानसून भी अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में आगे बढ़ चुका है।
अगले 3 दिन कैसा रहेगा मौसम?
29 मई: पठानकोट, रूपनगर और मोहाली में तेज आंधी, भारी बारिश और 60 KMPH तक हवाओं का अलर्ट। जालंधर, अमृतसर, लुधियाना, पटियाला समेत कई जिलों में गरज-चमक और बारिश की संभावना।
30 मई: पंजाब के अधिकांश जिलों में तेज हवाएं, बारिश और कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान।
31 मई: पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, मोहाली और पटियाला समेत कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।