पंजाब के अमृतसर स्थित श्री हरमंदिर साहिब (गोल्डन टेंपल) परिसर के बाहर उस समय हंगामा मच गया, जब माथा टेकने आईं दो सगी बहनें आपस में भिड़ गईं। पहले दोनों के बीच तीखी बहस हुई और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान एक बहन ने दूसरी को कई थप्पड़ जड़ दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
वीडियो में क्या दिखा?
वायरल वीडियो में टी-शर्ट पहने एक लड़की अचानक पीले सूट में खड़ी अपनी बहन पर हमला कर देती है और उसे लगातार दो-तीन थप्पड़ मारती है। इसके बाद पीले सूट वाली लड़की भी जवाब देने के लिए उसकी ओर दौड़ती है, लेकिन मौके पर मौजूद एक युवक बीच-बचाव कर उसे रोक लेता है।
कुछ देर बाद हमला करने वाली लड़की वहां से जाने लगती है, लेकिन दूसरी बहन खुद को छुड़ाकर उसके पीछे दौड़ पड़ती है। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को समझाकर शांत कराया।
घंटाघर गेट के पास हुई घटना
पुलिस के मुताबिक यह घटना शनिवार शाम करीब 6 बजे गोल्डन टेंपल के घंटाघर गेट के सामने हुई। दोनों लड़कियां अमृतसर की रहने वाली हैं और एक साथ माथा टेकने आई थीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया, जो मारपीट में बदल गया।
पुलिस कर रही जांच
कोतवाली थाना के एसएचओ हरमनजीत सिंह ने बताया कि दोनों लड़कियां नाबालिग हैं। उनके बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर घटना की पुष्टि करने के साथ-साथ मौके पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ की तैयारी कर रही है। फिलहाल, दोनों बहनों के बीच विवाद की असली वजह सामने नहीं आई है।