ख़बरिस्तान नेटवर्क : तमिलनाडु के मदुरै में सोमवार सुबह-सुबह 2 बसों के बीच में आमने-सामने टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 42 लोग घायल हो गए हैं। घायलों को नज़दीकी अस्पताल में ईलाज के लिए भर्ती करवाया गया है। वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है।
प्राइवेट बस के बेकाबू होने के कारण हुआ हादसा
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक चेन्नई से मार्थांडम जा रही प्राइवेट बस कोट्टामपट्टी के वंदिनगर के पास फोरलेन हाईवे पर अचानक बेकाबू हो गई। बस बेकाबू होते हुए डिवाइडर पार कर सामने वाली लेन में पहुंच गई, जहां मदुरै से तिरुचिरापल्ली जा रही सरकारी बस से टकरा गई।
टक्कर के बाद सरकारी बस पलटी
पुलिस अधिकारियों ने आगे बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्राइवेट बस का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। जबकि टक्कर लगने के बाद सरकारी बस पलट गई। हादसे के बाद रेस्क्यू टीम ने दोनों बसों में फंसों लोगों को निकाला और अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हादसे में महिला समेत 5 लोगों की मौत हुई है।