महाराष्ट्र के समृद्धि हाईवे पर आज सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। मुंबई से जालना जा रही एक प्राइवेट लग्जरी बस में अचानक आग लग गई, जिससे बस कुछ ही मिनटों में जलकर खाक हो गई। हादसा आज सुबह करीब तीन बजे नागपुर लेन के पास हुआ।बस में उस समय 12 यात्री सवार थे, लेकिन ड्राइवर हुसैन सैयद और स्टाफ की तेज़ सूझबूझ से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। आग लगते ही ड्राइवर ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया और यात्रियों को बाहर निकालने में देर नहीं की।
हादसे में किसी यात्री को कोई चोट नहीं आई
देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही हाईवे पुलिस, टोल प्लाज़ा कर्मचारी और बचाव दल मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। सौभाग्य से इस हादसे में किसी यात्री को कोई चोट नहीं आई।
आग लगने के कारण का अब तक पता नहीं चल सका है। हादसे की वजह से हाईवे पर कुछ देर के लिए ट्रैफिक प्रभावित हुआ, लेकिन जल्द ही यातायात दोबारा शुरू कर दिया गया।
एक महीने में 5 बड़े बस हादसे
बता दे कि इससे पहले 26 अक्टूबर को लखनऊ में आगरा एक्सप्रेस-वे पर चलती AC बस का टायर फट गया। इसके बाद बस में आग लग गई थी। वही 14 अक्टूबर को जैसलमेर-जोधपुर हाईवे पर चलती एसी स्लीपर बस में आग लग गई थी। इस हादसे में 22 यात्रियों की मौत हो गई थी। जबकि उसके बाद 24 अक्टूबर को कुरनूल में एसी बस से बाइक टकराने के बाद आग लग गई थी। हादसे में 20 लोगों की जलकर मौत हो गई। 25 अक्टूबर को एमपी के अशोकनगर जिले में शनिवार रात बस में आग लग गई।