ख़बरिस्तान नेटवर्क : आर्ट ऑफ़ लिविंग परिवार व मॉर्निंग क्लब के संयुक्त तत्वावधान में श्री सोमनाथ ज्योतिर्लिंग दर्शन का भव्य एवं दिव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बाग कॉलोनी स्थित पार्क श्में अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम में 1500 से अधिक श्रद्धालुओं ने पावन ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से रुद्र पूजा में भाग लिया, जिसके उपरांत आयोजित मनमोहक सत्संग ने पूरे वातावरण को शिवमय बना दिया। मंत्रोच्चार, भजनों और आध्यात्मिक ऊर्जा से पार्क परिसर भक्तिरस में सराबोर हो उठा।

कार्यक्रम के दौरान श्री सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के इतिहास एवं महिमा पर भी प्रकाश डाला गया। बताया गया कि गुजरात स्थित पावन सोमनाथ मंदिर भारत के बारह ज्योतिर्लिंगों में प्रथम माना जाता है। इतिहास में इस मंदिर पर 11वीं शताब्दी में महमूद ग़ज़नी द्वारा आक्रमण किया गया था। उस कठिन कालखंड में ज्योतिर्लिंग के पावन अवशेषों को एक ब्राह्मण परिवार ने अपनी आस्था और साहस के साथ सुरक्षित रखा।
उल्लेखनीय है कि इन्हीं पावन अवशेषों को बाद में पूज्य गुरुदेव श्री श्री रविशंकर जी को सौंपा गया। उनके मार्गदर्शन में आर्ट ऑफ़ लिविंग फाउंडेशन द्वारा इस दिव्य लिंगम की अखिल भारतीय यात्रा (पैन इंडिया यात्रा) आयोजित की जा रही है, ताकि देश के विभिन्न राज्यों में श्रद्धालु इस अद्भुत आध्यात्मिक धरोहर के दर्शन कर सकें और शिव कृपा प्राप्त कर सकें।
आयोजकों ने कहा कि यह केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी सनातन संस्कृति, आस्था और ऐतिहासिक विरासत का जीवंत प्रतीक है। श्रद्धालुओं ने इस अवसर को अपने जीवन का अविस्मरणीय क्षण बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आध्यात्मिक कार्यक्रमों की कामना की।
इस मौके बंगलौर स्थित आर्ट ऑफ़ लिविंग अंतर्राष्ट्रीय केंद्र से स्वामी सहजानंद जी व वैदिक ब्राह्मणों ने रुद्र अभिषेक करवाया। इस मौके जलालाबाद के विधायक जगदीप कंबोज भी भोले नाथ का आशीर्वाद लेने पहुंचे। संस्था की और से श्रद्धालुओं के लिए लंगर प्रसाद का भी इंतज़ाम किया गया था।