ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर निवासियों के लिए एक बेहद जरूरी और सतर्क करने वाली खबर सामने आई है। शहर में अब ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो चुका है। 1 जून से जालंधर के 9 और प्रमुख चौराहों पर हाई-टेक ई-चालान सिस्टम की शुरुआत होने जा रही है। इसके बाद अगर किसी ने भी ट्रैफिक नियमों को तोड़ा, तो सीधे उनके मोबाइल फोन पर भारी-भरकम ऑनलाइन चालान का मैसेज पहुंच जाएगा।
इन 9 नए चौराहों पर रहेगी तीसरी आंख की पैनी नजर
प्रशासन द्वारा जिन नए 9 चौराहों को इस डिजिटल निगरानी प्रणाली से जोड़ा जा रहा है, उनमें मॉडल टाउन चौक, फुटबॉल चौक, श्री गुरु रविदास चौक, भगवान वाल्मीकि चौक, चुनमुन चौक, डॉ. बी.आर. अम्बेडकर चौक, गुरु अमरदास चौक, वर्कशॉप चौक और कपूरथला चौक शामिल हैं। 1 जून से इन सभी जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगेंगे और नियम तोड़ने वालों को ई चालान आएंगे।
पहले इन 4 मुख्य रास्तों पर चल रहा है ऑनलाइन सिस्टम
आपको बता दें कि शहर के 4 मुख्य चौराहों पर यह ई-चालान व्यवस्था पहले से ही सफलतापूर्वक काम कर रही है। इन चौराहों में बी.एस.एफ. चौक, गुरु नानक मिशन चौक, पी.ए.पी. चौक और बी.एस.सी. चौक शामिल हैं, जहां नियमों को तोड़ने वालों के लगातार ऑनलाइन चालान काटे जा रहे हैं। अब इस लिस्ट में 9 और नए नाम जुड़ने से शहर का एक बड़ा हिस्सा डिजिटल निगरानी के दायरे में आ जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने की नियमों का पालन करने की अपील
इस नए सिस्टम को लागू करने के साथ ही जालंधर पुलिस ने आम जनता से बेहद खास अपील की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लोग अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करें। रेड लाइट जंप करने, ओवर-स्पीडिंग करने या बिना हेलमेट-सीटबेल्ट के वाहन चलाने जैसी गलतियों से बचें, ताकि उन्हें किसी भी तरह के भारी-भरकम जुर्माने या कानूनी कार्रवाई का सामना न करना पड़े।