ख़बरिस्तान नेटवर्क : सूफी गायिका रितु नूरां और मंगी खान से जुड़ा ‘कुल्ले वाली सरकार’ विवाद आखिरकार शांत हो गया। लंबे समय से चल रहे विवाद के बीच रितु नूरां फगवाड़ा स्थित बाबा सोमनाथ जी के दरबार पहुंचीं, जहां उन्होंने कथित विवादित टिप्पणी को लेकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। इस दौरान मंगी खान भी उनके साथ मौजूद रहे। दरबार में बड़ी संख्या में संगत के साथ एसएसपी माधवी शर्मा और पुलिस बल भी तैनात रहा।
जाने-अनजाने में हुई गलती- रितु नूरां
दरबार में सामने आए वीडियो में रितु नूरां ने कहा कि यदि उनसे जाने-अनजाने में कोई ऐसी बात कही गई, जिससे किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हों, तो वह सभी फकीरों और श्रद्धालुओं से माफी मांगती हैं। उनका किसी के साथ कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं है और वह लंबे समय से कलाम की सेवा में जुटी हुई हैं।
बाबा सोमनाथ बोले- हमारा कोई विवाद नहीं था
माफी के दौरान बाबा सोमनाथ जी ने कहा कि रितु नूरां ने उनके खिलाफ कोई गलत शब्द नहीं कहे थे और उनका उनके साथ कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं था। वहीं मंगी खान ने भी कहा कि उनका काम केवल गाना गाना है और वह आगे भी अपने संगीत का सफर जारी रखेंगे। यह पूरी प्रक्रिया एसएसपी माधवी शर्मा और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न हुई।
विवादित बयान के बाद बढ़ा था मामला
गौरतलब है कि यह विवाद उस समय शुरू हुआ था, जब रितु नूरां और मंगी खान की कथित टिप्पणी को लेकर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने आपत्ति जताई थी। अनू सिद्धू और संगत ने उनके घर पहुंचकर सार्वजनिक माफी की मांग भी की थी। कई दिनों तक यह मामला चर्चा में बना रहा, लेकिन अब दोनों पक्षों के बीच सुलह होने के बाद विवाद पर विराम लग गया है।