पंजाब और चंडीगढ़ इस समय भीषण गर्मी की चपेट में हैं। मौसम केंद्र चंडीगढ़ ने आज कई जिलों में सीवियर हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। वहीं 28 मई से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।बीते 24 घंटों के दौरान पंजाब में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। राज्य का सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 45.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक 28 मई 2026 से उत्तर-पश्चिम भारत में एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके असर से 28 से 31 मई तक पंजाब के कई इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी, गरज-चमक और प्री-मानसून बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 29 और 30 मई को हल्की से मध्यम बारिश के बाद तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
इन जिलों में हीटवेव का अलर्ट
27 मई को मोहाली, पटियाला, लुधियाना, बठिंडा, मानसा और संगरूर समेत कई जिलों में सीवियर हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है। दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं।
28 मई से मौसम लेगा करवट
28 और 29 मई को पंजाब के कई हिस्सों में तेज हवाएं, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। खासतौर पर मोहाली, पटियाला, रूपनगर, होशियारपुर और गुरदासपुर में मौसम खराब रह सकता है।
अगले 3 दिन का मौसम अपडेट
28 मई को पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली में गरज-चमक, बारिश, ओलावृष्टि और 60-70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।वहीं अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, तरनतारन, बरनाला और संगरूर में तेज हवाओं और बिजली गिरने की संभावना है। दूसरी ओर बठिंडा, मानसा, मोगा, फिरोजपुर, फाजिल्का और आसपास के इलाकों में लू चल सकती है।
29 मई को पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, पटियाला और मोहाली समेत कई जिलों में बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना है। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
30 मई को राज्य के अधिकतर जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
जून के आखिर तक पहुंचेगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार इस साल पंजाब में मानसून 28 जून से 5 जुलाई के बीच पहुंच सकता है। सामान्य तौर पर राज्य में मानसून 30 जून के आसपास दस्तक देता है।
नौतपा में बरतें सावधानी
नौतपा के दौरान तापमान 40 से 45 डिग्री तक पहुंच रहा है। ऐसे में लोगों को बाहर निकलते समय पानी, ग्लूकोज, छाता और सिर ढकने का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।