पंजाब के पटियाला में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जब रेलवे कॉलोनी के पास नीले रंग के ड्रम में एक युवती की लाश बरामद हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, यह ड्रम डीसीडब्ल्यू पुल के पास कूड़े के ढेर में पड़ा हुआ था। कचरा उठाने वाले व्यक्ति ने जब ड्रम खोलकर देखा तो उसके अंदर लाश दिखाई दी, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस के मुताबिक, हत्यारों ने शव को ड्रम के अंदर ठूंसकर ऊपर लाल रंग का ढक्कन लगा दिया था, ताकि किसी को शक न हो। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने सबूत जुटाए हैं।
हाथ पर अंग्रेजी में “नेहा” नाम का टैटू
मृतका के एक हाथ पर अंग्रेजी में “नेहा” लिखा हुआ टैटू मिला है, जबकि दूसरे हाथ पर दिल का टैटू बना है, जिसके अंदर ‘N’ और ‘A’ अक्षर गुदे हुए हैं। युवती के चेहरे पर हल्की चोट और शरीर पर खरोंच के निशान भी पाए गए हैं।
पुलिस ने शव को राजिंदरा अस्पताल की मॉर्च्युरी में 72 घंटे के लिए रखवा दिया है और पहचान के लिए पूरे पंजाब में सूचना जारी कर दी है।
जांच में जुटी पुलिस
जांच अधिकारी एएसआई गुरविंदर सिंह ने बताया कि सूचना सुबह करीब सवा 5 बजे मिली थी। पुलिस का अनुमान है कि ड्रम को देर रात सुनसान इलाके में फेंका गया। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।जांच में पुलिस को आशंका है कि युवती की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और बाद में सबूत मिटाने के लिए शव को ड्रम में छिपाया गया। फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता युवती की पहचान और आरोपियों तक पहुंचना है।