देशभर के साथ-साथ जालंधर में भी आज बकरीद का त्योहार श्रद्धा और भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह गुलाब देवी रोड स्थित ईदगाह में मुस्लिम समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में इकट्ठा होकर बकरीद की नमाज अदा की और देश की सलामती, तरक्की और आपसी भाईचारे की दुआ मांगी।
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। इस मौके पर नेता सुशील रिंकू भी मुस्लिम भाईचारे को बधाई देने पहुंचे। उन्होंने कहा कि समाज में प्यार और भाईचारा बढ़ाने की जरूरत है, क्योंकि नफरत को केवल मोहब्बत ही खत्म कर सकती है।
उन्होंने कहा कि देश में लोगों का ध्यान असली मुद्दों से हटाकर धर्म के नाम पर बांटा जा रहा है। नीट परीक्षा विवाद, महंगाई, गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतें, छोटे व्यापारियों और स्ट्रीट वेंडर्स की परेशानियों जैसे मुद्दों पर चर्चा नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर देश की तरक्की और भाईचारे के लिए काम करना चाहिए।
मुस्लिम समाज के लोगों ने भी कहा कि ईद पर देश की उन्नति और अमन-शांति के लिए दुआ की गई है। उन्होंने कहा कि जब सभी लोग मिलजुल कर देशहित में काम करेंगे तभी भारत विश्व गुरु बन सकेगा।
बता दें कि बकरीद, जिसे ईद-उल-अजहा भी कहा जाता है, मुसलमानों का प्रमुख त्योहार है। यह इस्लामिक कैलेंडर के ज़ुल-हिज्जा महीने की 10वीं तारीख को मनाया जाता है। इस दिन कुर्बानी की परंपरा निभाई जाती है, जो त्याग, समर्पण और इंसानियत का प्रतीक मानी जाती है। 28 से 30 मई तक कुर्बानी का सिलसिला जारी रहेगा।