Pune में जहरीली शराब पीने से पिछले 24 घंटे के दौरान 15 लोगों की मौत हो गई। मौतों के मामले हडपसर, फुगेवाड़ी, दापोडी और पिंपरी इलाकों से सामने आए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस और राज्य आबकारी विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 8 लोगों को हिरासत में लिया है। गिरफ्तार लोगों में एक अवैध शराब कारोबारी भी शामिल बताया जा रहा है। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि शराब में मेथेनॉल जैसी जहरीली सामग्री मिलाई गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए Devendra Fadnavis ने जांच के आदेश दे दिए हैं। पुलिस ने अवैध शराब बनाने और सप्लाई करने के आरोप में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर उठाए सवाल
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि प्रतिबंधित हाथ भट्टी की जहरीली शराब पीने से लोगों की जान गई है। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
Yogesh Behl ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। हालांकि पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस का कहना है कि पांच लोगों की मौत अलग-अलग कारणों से हुई है। फिर भी कई मृतकों को मौत से पहले चक्कर आने की शिकायत हुई थी, जिससे जहरीली शराब की आशंका और गहरा गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।