जालंधर के चर्चित RTI एक्टिविस्ट सिमरनजीत सिंह पर सोमवार को दिनदहाड़े जानलेवा हमला कर दिया गया। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के लॉ गेट के नजदीक अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि गंभीर रूप से घायल सिमरनजीत सिंह को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिमरनजीत सिंह किसी काम से फगवाड़ा आए हुए थे और LPU के लॉ गेट के पास मौजूद थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे कुछ अज्ञात युवक वहां पहुंचे और उन्हें निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमला इतनी तेजी से हुआ कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला।
फायरिंग के बाद यूनिवर्सिटी गेट और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने से सिमरनजीत सिंह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े और काफी खून बहने के कारण बेहोश हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी।
घायल सिमरनजीत सिंह को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। हालांकि, कुछ सूत्रों के अनुसार उनकी मौत की खबर भी सामने आ रही है, लेकिन अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अस्पताल प्रशासन और पुलिस अधिकारी फिलहाल मामले पर कोई स्पष्ट बयान देने से बच रहे हैं।सद
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।