पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री Aman Arora जालंधर पहुंचे, जहां उन्होंने सर्किट हाउस में ‘रोशन पंजाब’ योजना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री Bhagwant Mann की अगुवाई में सरकार राज्य को “रंगला पंजाब” बनाने के लिए लगातार बड़े फैसले ले रही है।
अमन अरोड़ा ने बताया कि 11 अप्रैल को कैबिनेट बैठक में ‘रोशन पंजाब’ योजना को मंजूरी दी गई है। इस योजना के तहत राज्य के 13 हजार गांवों में 3 लाख से अधिक स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह करीब 650 करोड़ रुपए का बड़ा प्रोजेक्ट है।
उन्होंने बताया कि पहले लगाई गई करीब 1 लाख 14 हजार स्ट्रीट लाइटों में से कई खराब हो चुकी थीं और उनकी मेंटिनेंस में समस्याएं आती थीं। लेकिन नई योजना में मेंटिनेंस की जिम्मेदारी 7 साल तक संबंधित कंपनी की होगी।फंडिंग को लेकर भी बड़ा बदलाव किया गया है। पहले 70% खर्च पंचायतें और 30% सरकार देती थी, लेकिन अब 70% फंड सरकार देगी और 30% पंचायतों का योगदान होगा।
इस योजना के तहत हर स्ट्रीट लाइट पर QR कोड और जियोटैगिंग की जाएगी। इससे कंट्रोल सेंटर, चंडीगढ़ को तुरंत जानकारी मिल जाएगी कि कौन-सी लाइट खराब है। अगर कोई लाइट खराब होती है, तो उसे 3 दिन के अंदर ठीक किया जाएगा।
अमन अरोड़ा ने कहा कि लाइटें सबसे पहले अस्पतालों, स्कूलों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में लगाई जाएंगी। इसके बाद घनी आबादी और अन्य बस्तियों में इन्हें लगाया जाएगा।उन्होंने कहा कि इस योजना से गांवों में सुरक्षा बढ़ेगी, रात के समय लोगों की आवाजाही आसान होगी और लूट-पाट जैसी घटनाओं में भी कमी आएगी।