उत्तराखंड के चमोली जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। देहरादून से अपने परिजन का पार्थिव शरीर लेकर गांव लौट रहा एक परिवार हादसे का शिकार हो गया। ल्वाणी क्षेत्र के पास उनकी ईको वैन अनियंत्रित होकर करीब 400 से 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, डीडीआरएफ और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया।
अचानक सड़क से नीचे गहरी खाई में गिरी गाड़ी
जानकारी के अनुसार, ग्राम बांक (लोहाजंग) निवासी बलबीर सिंह अपने परिजन स्वर्गीय भजन सिंह का पार्थिव शरीर देहरादून से गांव ला रहे थे। वाहन में परिवार के अन्य सदस्य भी सवार थे। ल्वाणी के जंगल क्षेत्र में पहुंचते ही वाहन अचानक सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गया।
हादसे में पति-पत्नी और बेटे समेत 3 की मौत
इस भीषण हादसे में बलबीर सिंह (52), उनकी पत्नी शांति देवी (48) और पुत्र आंशु बिष्ट (18) की मौत हो गई। वहीं कविता देवी (32), मयंक सिंह (8) और रोशनी (18) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस की शुरुआती जांच में चालक को लंबी यात्रा के दौरान नींद की झपकी आने की आशंका जताई गई है। हालांकि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।परिवार पहले से ही एक सदस्य के निधन के दुख में था, लेकिन घर लौटते समय हुए इस हादसे ने शोक को और गहरा कर दिया। घटना के बाद ग्राम बांक, लोहाजंग और आसपास के क्षेत्रों में मातम का माहौल है।