ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने युवाओं के लिए वर्क एंड हॉलिडे (लॉटरी) वीजा कार्यक्रम की घोषणा की है। इस वीजा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 4 जून से शुरू होकर 25 जून तक चलेगा। इच्छुक युवाओं के पास आवेदन करने के लिए करीब तीन सप्ताह का समय होगा।
18 से 30 साल के आयु वर्ग के युवा इस योजना के तहत स्वयं ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क केवल 25 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (करीब 1,500 रुपये) रखा गया है। इस प्रक्रिया के लिए किसी एजेंट की आवश्यकता नहीं है और उम्मीदवार सीधे ऑस्ट्रेलियाई इमिग्रेशन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं।
यह वीजा लॉटरी सिस्टम के माध्यम से जारी किया जाता है, जिसके तहत चयनित युवाओं को एक वर्ष तक ऑस्ट्रेलिया में रहने, काम करने और यात्रा करने का अवसर मिलता है।
इस वीजा के लिए किसी विशेष विषय या शैक्षणिक स्ट्रीम की अनिवार्यता नहीं है। किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से पढ़ाई करने वाले उम्मीदवार आवेदन के पात्र हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
यदि लॉटरी में चयन हो जाता है, तो उम्मीदवारों को ऑस्ट्रेलियाई इमिग्रेशन विभाग की ओर से आधिकारिक ईमेल भेजी जाएगी। इसके बाद वीजा प्रक्रिया के अगले चरण पूरे करने होंगे। चयनित आवेदकों को अपने बैंक खाते में लगभग 4 लाख रुपये की धनराशि दिखानी होगी, जिसके लिए पर्याप्त समय दिया जाता है।विशेषज्ञों ने युवाओं को फर्जी एजेंटों और गलत दस्तावेजों से बचने की सलाह दी है। आवेदन प्रक्रिया सरल है और इसे घर बैठे ऑनलाइन पूरा किया जा सकता है।
जानकारों के अनुसार, स्पॉन्सरशिप वीजा के लिए स्वयं आवेदन करने पर करीब 1.5 लाख से 2.5 लाख रुपये तक खर्च आ सकता है, जबकि पीआर (स्थायी निवास) वीजा की पूरी प्रक्रिया पर लगभग 3.5 लाख से 4.5 लाख रुपये तक का खर्च हो सकता है।