ख़बरिस्तान नेटवर्क : भारत के आर्मी चीफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है। अभी सिर्फ संघर्ष पर विराम जैसी स्थिति है। जरूरत पड़ने पर हमारी तीनों सेनाएं ऑपरेशन सिंदूर 2.0 के लिए तैयार हैं।
ऑपरेशन सिंदूर ने बेंचमार्क सेट किया
उन्होंने आगे कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने एक बेंचमार्क सेट कर दिया है कि भारत किसी भी उकसावे पर कैसे जवाब देता है। आज अफसर अपने करियर की शुरूआत से ही इस बेंचमार्क को बनाए रखें। आधुनिक युद्ध पारदर्शी हो गया है। 24 घंटे हर गतिविधि पर नजर रखी जाती है। ऐसे में सैनिकों की तैनाती, ऑपरेशन और बॉर्डर के पास बसे नागरिकों की सुरक्षा को लेकर बेहद सतर्क रहने की जरूरत है।
जीत हमेशा दिमाग में होती है
आर्मी चीफ ने कहा कि जीत हमेशा दिमाग में होती है। यह जमीन पर नहीं होती। इन्फॉर्मेशन वॉरफेयर तभी सफल होता है जब पूरा देश एक साथ आए और सूचना देने वाले लोगों पर भरोसा करे। जिस देश के नागरिक और संस्थाएं एक-दूसरे पर विश्वास करती हैं, वह देश हमेशा मजबूत स्थिति में रहता है।